1. होम
  2. संदेश
  3. 24 नवंबर 2026

चौथे राष्ट्रीय जवान आबादी पुरस्कार समारोह के नाम संदेश

यह मूल फ़ारसी पाठ का अनुवाद है। मूल फ़ारसी पाठ

بسم اللّه الرّحمن الرّحیم
अल्लाह के नाम से, जो अत्यंत कृपाशील, अत्यंत दयावान है

चौथे राष्ट्रीय जवान आबादी कार्यक्रम का आयोजन, आबादी के गंभीर मसले पर बात करने का एक अच्छा अवसर है। शक्ति और प्रगति तथा एक और अधिक मज़बूत ईरान तक पहुँचने के घटकों में, सभी वांछित मात्रात्मक और गुणात्मक पहलुओं की रक्षा करते हुए प्रिय ईरान की भावी आबादी में वृद्धि का मसला सबसे अहम घटकों में गिना जाता है। यह रणनीतिक और भाग्य-निर्धारक मसला, जिस पर हाल के दशकों में महान शहीद नेता «اعلی‌الله مقامه‌الشّریف» (अल्लाह उनके पवित्र दर्जे बुलंद करे) ने बार-बार ज़ोर दिया था, क्षमताओं को साकार करने और अनेक वैज्ञानिक, सांस्कृतिक, आर्थिक और सामाजिक अवसरों के सृजन और विकास में भी, और दुश्मनों की धमकियों और बदख़्वाहियों को रोकने और दूर करने में भी प्रभावी है। ऐसा लगता है कि देश के मामलों की योजना और प्रबंधन के क्षेत्र पर छाई रही एक लंबी और नुक़सानदेह ग़फ़लत के बाद, अब कुछ क़दमों के नतीजे में यह मौक़ा पैदा हुआ है कि जनता और अधिकारी इस मसले पर और गहरी दृष्टि से ध्यान दें।

आबादी के विभिन्न पहलुओं और विभिन्न क्षेत्रों में उसकी ज़रूरतों और आवश्यकताओं पर ध्यान देते समय, मामलों को परखने का पैमाना कभी परिवार होता है और कभी व्यक्ति। कुछ मामलों में, जैसे आवास और बहुत सी वस्तुएँ और सेवाएँ, उनका उपभोक्ता और उपयोगकर्ता परिवार होता है, और कुछ दूसरे मामलों में, जैसे भोजन, वस्त्र और स्वास्थ्य से जुड़े मामले, व्यक्ति को पैमाने की इकाई माना जाता है। वांछित आबादी तक पहुँचने का मसला उन मामलों में से है जिनमें दोनों पहलू शामिल हैं। इसलिए परिवार की बुनियाद को मज़बूत करने से जुड़े विभिन्न बुनियादी ढाँचों और पहलुओं पर ध्यान देना, देश के आबादी वक्र को सुधारने की कोशिशों की राह में एक स्थायी तत्व होगा; जिस तरह संबंधित व्यक्तिगत पहलुओं पर ध्यान देना भी ज़रूरी है। जवानी की उम्र में शादी को आसान बनाने, व्यक्तिगत स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने, जो स्वयं अनेक बातों पर निर्भर है, संतानोत्पत्ति के समर्थन, परिवार-केंद्रित संस्कृति के प्रसार और इस क्षेत्र में सफल उदाहरणों को सामने लाने पर गंभीर और व्यापक स्तर पर ध्यान देना, इनमें से हर एक, ईरान के और अधिक मज़बूत होने की राह में एक प्रभावी क़दम है। इसी तरह राष्ट्र के हर व्यक्ति और विशेष रूप से जवानों के सामने इन बातों की सही व्याख्या भी इस दिशा में एक और मदद होगी।

निःसंदेह हर ग़ैरतमंद ईरानी, जो इस धरती और इसके लोगों के लिए एक उज्ज्वल और गौरवशाली भविष्य चाहता है, नवीन इस्लामी सभ्यता के स्तर पर ईरानियों की पीढ़ियों के सिलसिले को आगे बढ़ाने के लिए एक मज़बूत प्रेरणा और इरादा रखेगा। मुझे गहरी उम्मीद है कि अतीत की कुछ आबादी संबंधी नीतियों से पैदा हुई कमियों की भरपाई करके और जवान आबादी में वृद्धि और इस विषय में परिवार की केंद्रीयता की सही और रणनीतिक नीति को लगन के साथ आगे बढ़ाकर, हमारा प्रिय वतन उस कठिन घाटी और भाग्य-निर्धारक चरण से, जिसमें हम इस समय हैं, सकुशल गुज़र जाएगा, और ईश्वरीय तौफ़ीक़ तथा हमारे सरपरस्त हज़रत इमाम महदी «عجّل‌الله تعالی فرجه‌الشّریف» (अल्लाह तआला उनके मुबारक ज़हूर में जल्दी करे) की नेक दुआ और बरकत से, ईरानियों पर, जो इस युग में सत्य और न्याय के ध्वजवाहक माने जाते हैं, ईश्वरीय बरकतों के उतरने के साधन अधिक से अधिक और बेहतर ढंग से उपलब्ध होंगे, «بمنّه و کرمه» (उसके एहसान और करम से)।

सैयद मुज्तबा हुसैनी ख़ामेनेई
3 आज़र 1405