आयतुल्लाहिल उज़्मा हुसैन वहीद ख़ुरासानी के निधन पर शोक संदेश
यह मूल फ़ारसी पाठ का अनुवाद है। मूल फ़ारसी पाठ
بسم الله الرّحمن الرّحیم
अल्लाह के नाम से, जो अत्यंत कृपाशील, अत्यंत दयावान है
धार्मिक शिक्षा केंद्र (हौज़ा-ए-इल्मिया) के महान उस्ताद हज़रत आयतुल्लाहिल उज़्मा वहीद ख़ुरासानी के निधन की ख़बर मिली। वे महान बुज़ुर्ग हौज़ा-ए-इल्मिया में फ़िक़्ह (इस्लामी धर्मशास्त्र) और उसूल (फ़िक़्ह के सिद्धांत) की शिक्षा के मुख्य स्तंभों में गिने जाते थे। पिछले दशकों में उनकी रोज़ाना की दो क्लासें सबसे प्रमुख शैक्षिक सभाओं में शुमार होती थीं। इन क्लासों में ख़ुद उनके अपने शोध संबंधी पहलुओं के अलावा, नजफ़-ए-अशरफ़ के हौज़ा-ए-इल्मिया के हालिया दौर के कुछ सबसे प्रतिष्ठित विद्वानों के विचारों पर गंभीर, गहरा और एहसानमंदी भरा ध्यान और उन पर महारत भली-भाँति झलकती थी। चूँकि यह विशेषता हमेशा उस महान उस्ताद के धाराप्रवाह, सुव्यवस्थित और ठोस बयान के साथ जुड़ी रहती थी, इसलिए यह ज्ञान और फ़ज़्ल के तलबगारों के लिए क्लास की हर बैठक को एक लाभदायक और क़ीमती घड़ी में बदल देती थी। आज क़ुम के हौज़ा-ए-इल्मिया, बल्कि देश के दूसरे हौज़ों के बहुत से उस्ताद और विद्वान, और विभिन्न इलाक़ों के अनेक धर्मगुरु, उस महान हस्ती की क्लास में शामिल होने के गौरव को अपने इल्मी रिकॉर्ड में दर्ज करते हैं, और सभी उनकी बातों और आचरण में पवित्र मासूमीन «صلواتالله و سلامه علیهم اجمعین» (उन सब पर अल्लाह का दुरूद और सलाम हो) के प्रति समर्पण के तत्व के गहरे और ख़ालिस प्रकटन को प्रशंसा के साथ याद करते हैं। निःसंदेह, शरीअत और मज़हब की राह में उनकी लंबी और निरंतर मेहनत के कारण मोमिनों के समाज और धार्मिक शिक्षा केंद्रों पर उनका बहुत बड़ा हक़ है, जिसे सबको याद रखना चाहिए और जिसके लिए सबको शुक्रगुज़ार होना चाहिए। मैं इस मुसीबत पर हमारे सरपरस्त हज़रत इमाम महदी «عجّلاللهتعالی فرجهالشّریف» (अल्लाह तआला उनके मुबारक ज़हूर में जल्दी करे), धार्मिक शिक्षा केंद्रों, सभी मोमिनों और विशेष रूप से उनके सम्मानित परिवार की सेवा में संवेदना पेश करता हूँ और अल्लाह «جلّوعلا» (जो महान और सर्वोच्च है) से उस महान हस्ती के दर्जों की बुलंदी की दुआ करता हूँ।
सैयद मुज्तबा हुसैनी ख़ामेनेई
26 आबान 1405
